रांची। रांची पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जुमार पुल बस स्टैंड के पास एक महिला को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार महिला के पास से 89.32 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा उसके पास से मोबाइल फोन और 20 हजार रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस को 16 अगस्त को सूचना मिली थी कि बिहार की ओर से एक महिला भारी मात्रा में ब्राउन शुगर लेकर रांची पहुंचने वाली है। सूचना के आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षक को जानकारी देते हुए सदर डीएसपी संजीव कुमार बेसरा के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम जुमार पुल बस स्टैंड के पास पहुंचकर संदिग्ध महिला का इंतजार करने लगी।
दोपहर करीब 3.10 बजे पुलिस टीम को जुमार पुल के पास एक महिला ऑटो में अकेली बैठी दिखाई दी। पुलिस को अपनी ओर आता देखकर महिला घबरा गई और ऑटो से उतरकर भागने का प्रयास करने लगी। हालांकि, टीम में शामिल महिला चौकीदार कृति मुंडा की मदद से पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में महिला की पहचान मुन्नी देवी, करीब 43 वर्ष, पति बाबला राम, देवी मंडप के पास कोकर बाजार, जतराटांड़ निवासी के रूप में हुई। महिला पुलिसकर्मी की मौजूदगी में विधिवत तलाशी लेने पर उसके काले रंग के हैंडबैग से प्लास्टिक के पाउच में छिपाकर रखा ब्राउन शुगर बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से आई-टेल कंपनी का काले रंग का कीपैड मोबाइल फोन और 20 हजार रुपये नकद भी जब्त किए।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में गिरफ्तार महिला ने रांची जिले के विभिन्न चौक-चौराहों पर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करने की बात स्वीकार की है। मामले में सदर (मेसरा) थाना कांड संख्या 384/26, दिनांक 16 अगस्त 2026 को एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
जांच के दौरान पुलिस ने महिला के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटाई। उसके खिलाफ सदर थाना में वर्ष 2024 और 2025 में मामले दर्ज होने की बात सामने आई है। इनमें एक मामला भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं से संबंधित है, जबकि दूसरे मामले में भारतीय न्याय संहिता के साथ एनडीपीएस एक्ट की धाराएं भी लगाई गई थीं।
पुलिस ने बरामद ब्राउन शुगर के अलावा आई-टेल मोबाइल फोन और उसमें लगे जियो सिम को भी जब्त किया है। नकद राशि में 500 रुपये के छह नोट, 200 रुपये के 35 नोट और 100 रुपये के 100 नोट शामिल हैं। पुलिस अब महिला से नशीले पदार्थ की आपूर्ति के स्रोत और इसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

