Breaking
Mon. Sep 14th, 2026

धातकीडीह तालाब में अज्ञात व्यक्ति ने लगाई छलांग, गोताखोरों की मदद से तलाश जारी

जमशेदपुर। बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धातकीडीह तालाब में गुरुवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक अज्ञात व्यक्ति ने तालाब में छलांग लगा दी। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल इसकी सूचना बिष्टुपुर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और व्यक्ति की तलाश के लिए गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अज्ञात व्यक्ति शाम के समय धातकीडीह तालाब के पास पहुंचा था। वहां उसने कुछ लोगों और बच्चों से बातचीत की। बताया जा रहा है कि उसने एक युवती और बच्चों से अपने परिवार के सदस्यों का मोबाइल नंबर लिखने को कहा। इसके बाद उसने अपना मोबाइल नंबर भी लिखवाया। कुछ देर बाद व्यक्ति ने अपनी चप्पल उतारी और तालाब की रेलिंग पार कर पानी की ओर बढ़ गया। देखते ही देखते उसने तालाब में छलांग लगा दी।

व्यक्ति के पानी में कूदने के बाद काफी देर तक उसकी कोई गतिविधि नजर नहीं आई। घटना के बाद तालाब के आसपास लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस के पहुंचने के बाद गोताखोरों को बुलाया गया और तालाब में उसकी खोजबीन शुरू कराई गई। फिलहाल अज्ञात व्यक्ति का कोई सुराग नहीं मिल सका है और उसकी तलाश जारी है।

पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से घटना के संबंध में जानकारी ली है। साथ ही तालाब में छलांग लगाने वाले व्यक्ति की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आखिर किन परिस्थितियों में उसने तालाब में छलांग लगाई। घटना के पीछे की वास्तविक वजह व्यक्ति के मिलने और पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Related Post