Breaking
Sun. Aug 9th, 2026

ओएनटीएचएचपीसी के नौ कैडेटों ने ओडिशा को दिलाई जूनियर पुरुष राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप की खिताबी जीत

जमशेदपुर। ओडिशा ने कोयंबटूर, तमिलनाडु में आयोजित 16वीं हॉकी इंडिया जूनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। ओडिशा की इस ऐतिहासिक जीत में ओडिशा नेवल टाटा हॉकी हाई परफॉर्मेंस सेंटर (ओएनटीएचएचपीसी) के नौ प्रतिभाशाली कैडेटों ने अहम भूमिका निभाई। फाइनल मुकाबले में ओडिशा ने मध्य प्रदेश को रोमांचक मुकाबले में 2-1 से हराकर राष्ट्रीय चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

ओडिशा की खिताबी जीत को उस समय और खास बना दिया, जब टीम के कप्तान एवं ओएनटीएचएचपीसी के कैडेट दीपक प्रधान को फाइनल मुकाबले का मैन ऑफ द मैच चुना गया। दीपक ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

चैंपियन ओडिशा टीम में ओएनटीएचएचपीसी के नौ कैडेट शामिल रहे। इनमें गोलकीपर अभिमन्यु गौड़ा, डिफेंडर बिलकन ओराम और अजय खलखो, मिडफील्डर समीर बरवा, विशाल कैथा और विशाल बरला तथा स्ट्राइकर आलोक कुजूर, कप्तान एवं स्ट्राइकर दीपक प्रधान और स्ट्राइकर देवनाथ नानवार शामिल हैं।

ओडिशा की टीम को ओएनटीएचएचपीसी के कोचिंग और परफॉर्मेंस स्टाफ का भी महत्वपूर्ण सहयोग मिला। टीम के साथ पुरुष टीम के मुख्य कोच पी. लक्ष्मीनारायण, फिजियो अनूप देव नारायण और स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कोच सुदीप पॉल ने अपनी सेवाएं दीं।

हॉकी ऐस फाउंडेशन के सीईओ कैप्टन अमिताभ ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि यह पूरे ओएनटीएचएचपीसी परिवार के लिए बेहद गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि नौ कैडेटों का ओडिशा का प्रतिनिधित्व करते हुए राष्ट्रीय चैंपियनशिप जीतने में योगदान देना उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने कप्तान दीपक प्रधान को फाइनल का मैन ऑफ द मैच चुने जाने पर बधाई दी और कोचिंग एवं परफॉर्मेंस टीम के योगदान की भी सराहना की।

उन्होंने कहा कि यह जीत युवा हॉकी खिलाड़ियों के लिए मजबूत हाई परफॉर्मेंस सिस्टम तैयार करने और उन्हें उच्चतम स्तर पर प्रदर्शन के लिए तैयार करने के संकल्प को मजबूत करती है। ओएनटीएचएचपीसी में खिलाड़ियों को तकनीकी प्रशिक्षण, सामरिक तैयारी, शारीरिक फिटनेस और समग्र एथलीट सपोर्ट के माध्यम से तैयार किया जाता है।

राष्ट्रीय स्तर पर नौ कैडेटों की सफलता उनके कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प का प्रमाण है। साथ ही यह उपलब्धि ओडिशा के हॉकी इकोसिस्टम में ओएनटीएचएचपीसी के बढ़ते योगदान को भी दर्शाती है। 16वीं हॉकी इंडिया जूनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप का खिताब ओडिशा हॉकी के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है और ओएनटीएचएचपीसी परिवार के लिए गौरवपूर्ण पड़ाव है।

Related Post