सरायकेला। अवैध महुआ शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ सरायकेला-खरसावां जिला उत्पाद विभाग ने शनिवार को अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। टीम ने गम्हरिया थाना क्षेत्र के जामजोड़ा और आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सपड़ा में अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में शराब बनाने के लिए तैयार जावा-महुआ, देसी महुआ शराब और निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की गई।
छापेमारी के दौरान अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा मौके से शराब ढोने में इस्तेमाल की जा रही एक स्कूटी भी जब्त की गई। उत्पाद विभाग की टीम ने बरामद जावा-महुआ, तैयार देसी शराब और शराब निर्माण में प्रयुक्त सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर दिया।
उत्पाद विभाग के अवर निरीक्षक सोनू कुमार ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। विभाग की ओर से आगे भी ऐसे ठिकानों पर छापेमारी जारी रहेगी।
अभियान में अवर निरीक्षक महेंद्र रविदास, सौदागर पंडित सहित उत्पाद विभाग के अन्य पदाधिकारी और होमगार्ड के जवान शामिल रहे। विभाग की लगातार कार्रवाई से गम्हरिया और आदित्यपुर क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार करने वालों में हड़कंप की स्थिति है।

