Breaking
Fri. Aug 7th, 2026

आफताब हत्याकांड का खुलासा, एसआईटी ने मुख्य शूटर समेत तीन आरोपियों को दबोचा, दो नाबालिग भी हिरासत में

जमशेदपुर। बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के रेलवे कंटेनर यार्ड के समीप 2 अगस्त की रात मोहम्मद आफताब आलम पर हुए जानलेवा फायरिंग मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। गंभीर रूप से घायल आफताब की कोलकाता के एक अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने लगातार छापेमारी और तकनीकी जांच के आधार पर कार्रवाई करते हुए बर्मामाइंस स्थित एक बैचिंग प्लांट से मामले में शामिल मुख्य शूटरों और साजिशकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया।

शुक्रवार को आयोजित प्रेसवार्ता में सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि पुलिस ने मुख्य आरोपी शहबाज उर्फ मोहम्मद शहबाज उर्फ भोंदू, मोहम्मद रेहान उर्फ अब्दुल रेहान तथा शेख रहीम को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा घटना में शामिल दो विधि-विरुद्ध किशोरों को भी निरुद्ध किया गया है। पूछताछ और आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त एक देशी पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस, एक मैगजीन तथा दो हीरो कंपनी की मोटरसाइकिल बरामद की है, जिनका इस्तेमाल वारदात को अंजाम देने में किया गया था।

पुलिस के अनुसार जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। मुख्य आरोपी शहबाज उर्फ भोंदू के खिलाफ बर्मामाइंस और परसुडीह थाना क्षेत्रों में मारपीट, जानलेवा हमला और आर्म्स एक्ट से जुड़े कई मामले पहले से दर्ज हैं। वहीं मोहम्मद रेहान पर सिदगोड़ा और बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास, रंगदारी व अवैध हथियारों के प्रदर्शन जैसे गंभीर आपराधिक मामले लंबित हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और हत्याकांड से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही घटना के पीछे की पूरी साजिश और सभी संबंधित लोगों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है।

Related Post