Breaking
Thu. Aug 6th, 2026

सोनारी चेन स्नैचिंग कांड का खुलासा, दो शातिर अपराधी गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त बाइक जब्त

जमशेदपुर। सोनारी थाना क्षेत्र में महिला से सोने की चेन झपटने की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिरसानगर के प्रकाश नगर, गुडुरबासा निवासी पंकज हरपाल उर्फ हेनरी तथा बिरसानगर जोन नंबर-5 स्थित नूपुर स्टोर के पास रहने वाले रोहित कुमार मुर्मू के रूप में हुई है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई बजाज पल्सर 220 मोटरसाइकिल (संख्या- JH05CN-3650) भी जब्त कर ली है।

सोनारी थाना प्रभारी मधुसूदन डे ने गुरुवार को आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि 31 जुलाई की शाम करीब साढ़े चार बजे 58 वर्षीय अर्चना श्रीवास्तव सोनारी के एच-रोड स्थित अपने घर की ओर पैदल जा रही थीं। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवकों ने पीछे से आकर उनके गले से सोने की चेन झपट ली और तेज रफ्तार से भागने लगे। भागने के क्रम में उनकी बाइक असंतुलित होकर एक वाहन से टकरा गई, जिसके बाद दोनों आरोपी मोटरसाइकिल छोड़कर पैदल फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बाइक को जब्त कर जांच शुरू कर दी।

वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने बाइक के दस्तावेजों, तकनीकी साक्ष्यों तथा गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 6 अगस्त की सुबह करीब साढ़े चार बजे दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली।

पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी पहले से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं। पंकज हरपाल उर्फ हेनरी के खिलाफ बिष्टुपुर, टेल्को, आदित्यपुर, सिदगोड़ा और बिरसानगर थानों में चोरी, छिनतई, लूट, एनडीपीएस एक्ट समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वहीं रोहित कुमार मुर्मू के विरुद्ध गोविंदपुर, टेल्को, गोलमुरी और साकची थाना क्षेत्रों में छिनतई, चोरी, लूट और एनडीपीएस एक्ट के कई मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए उनके आपराधिक नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

Related Post