Breaking
Thu. Aug 6th, 2026

पाकुड़ में नकली विदेशी शराब बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़, एक गिरफ्तार, भारी मात्रा में सामग्री जब्त

पाकुड़। पाकुड़ पुलिस ने लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के करणघाटी गांव में अवैध रूप से नकली विदेशी शराब बनाने और उसकी खरीद-बिक्री के धंधे का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं मामले में फरार दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस के अनुसार 5 अगस्त को सूचना मिली थी कि करणघाटी गांव में जितेन साहा और तारेश साहा अपने घर के पीछे बनी झोपड़ी में विदेशी ब्रांड की नकली शराब तैयार कर बाजार में बेच रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने कार्रवाई करते हुए मौके से तारेश साहा को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरा आरोपी जितेन साहा फरार हो गया।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में नकली शराब तैयार करने में प्रयुक्त सामग्री बरामद की। इनमें रॉयल स्टेग ब्रांड के नाम वाले सैकड़ों खाली कांच के बोतल, विभिन्न आकार के फर्जी स्टिकर, बोतलों पर लगाने वाले सील, प्लास्टिक के ढक्कन, 180 मिलीलीटर की भरी हुई शराब की 20 बोतलें तथा करीब 20 लीटर स्प्रिट से भरा प्लास्टिक का जार शामिल है। बरामद सामान से स्पष्ट संकेत मिले हैं कि यहां संगठित तरीके से ब्रांडेड शराब की नकली पैकिंग कर उसकी बिक्री की जा रही थी।

इस मामले में लिट्टीपाड़ा थाना कांड संख्या 44/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 274, 275 तथा उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपी तारेश साहा को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है, जबकि फरार आरोपी जितेन साहा की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है।

Related Post