चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुमारखूँगी थाना क्षेत्र के पातरहातु गांव में हुई कुंडिया सिंकु हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तीन लकड़ी के डंडे भी बरामद कर जब्त कर लिए हैं। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग का कारण सामने आया है।
बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में जगन्नाथपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रफायल मुर्मू ने बताया कि 3 अगस्त 2026 को सूचना मिली थी कि पातरहातु गांव में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान 53 वर्षीय कुंडिया सिंकु, पिता स्वर्गीय बड़ाय सिंकु, निवासी पातरहातु, थाना कुमारखूँगी के रूप में हुई।
मृतक की पत्नी मनीती कुई के लिखित आवेदन के आधार पर कुमारडुंगी थाना कांड संख्या-19/2026 दर्ज किया गया। भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 103(1) एवं 3(5) के तहत मंगल हेम्ब्रम उर्फ मंगल सिंह हेम्ब्रम, कुशनु हेम्ब्रम तथा गणेश हेम्ब्रम के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर उनके नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
अनुसंधान के दौरान पुलिस ने 4 अगस्त को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में 38 वर्षीय मंगल हेम्ब्रम उर्फ मंगल सिंह हेम्ब्रम, पिता बकलू हेम्ब्रम, 45 वर्षीय कुशनु हेम्ब्रम, पिता बकलू हेम्ब्रम तथा 29 वर्षीय गणेश हेम्ब्रम, पिता गुरूचरण हेम्ब्रम शामिल हैं। तीनों आरोपी ग्राम पातरहातु, थाना कुमारखूँगी, जिला पश्चिमी सिंहभूम के निवासी हैं।
पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तीन लकड़ी के डंडे बरामद किए गए, जिन्हें पुलिस ने विधिवत जब्त कर लिया। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
रफायल मुर्मू ने बताया कि अनुसंधान के दौरान यह तथ्य सामने आया कि पूरी घटना प्रेम प्रसंग को लेकर हुई थी। मामले की आगे की जांच जारी है।
इस हत्याकांड के खुलासे में एसडीपीओ रफायल मुर्मू, पुलिस निरीक्षक बासुदेव मुण्डा (झींकपानी अंचल), पुलिस अवर निरीक्षक एवं थाना प्रभारी सुनील कुमार चौधरी (कुमारखूँगी थाना), पुलिस अवर निरीक्षक मिलन करमाली (कुमारडुंगी थाना), सहायक अवर निरीक्षक सुनील कुमार यादव (कुमारडुंगी थाना), सहायक अवर निरीक्षक जुम्बल सिंह बोयपाई (कुमारखूँगी थाना) तथा कुमारखूँगी थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।

