Breaking
Thu. Oct 1st, 2026

सोनारी में बाबा श्याम के भजनों की रसधार में झूमे श्रद्धालु, भव्य दरबार और छप्पन भोग बना आकर्षण

जमशेदपुर: सोनारी के संगम विहार में आयोजित श्री श्याम भटली परिवार चेरिटेबल ट्रस्ट के मासिक श्याम कीर्तन महोत्सव में भक्तिभाव और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। देर रात तक चले इस धार्मिक आयोजन में बाबा श्याम के भजनों की मधुर प्रस्तुति पर श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होकर झूमते और नृत्य करते नजर आए।

कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना से हुई। इसके बाद स्थानीय भजन गायकों महाबीर अग्रवाल, नीरज जालान, लिप्पु शर्मा, सक्षम पलसानिया, रोहित गुलाटी, उमेश खीरवाल और लक्ष्य आगीवाल ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर माहौल को भक्तिमय बना दिया। “गिरधर मेरे मौसम आया धरती के श्रृंगार का”, “बांस की बांसुरी पर घनो इतरवा”, “शरण तुम्हारी जो मिल गई है सांवरे”, “श्याम धणी को आयो रे बुलावा”, “नीला मनै श्याम से मिला दें”, “ऐसी मस्ती कहां मिलेगी”, “लाखों पापी तार दिए सुनते हैं सरकार” और “मोर छड़ी लहराई रे रसिया” जैसे भजनों पर श्रद्धालु देर तक झूमते रहे।

इससे पहले शाम 7:30 बजे बाबा श्याम की विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न हुई। यजमान संजना अग्रवाल और संजय अग्रवाल ने पूजा में सहभागिता निभाई। आचार्य रामजी पारिक ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कराई और उपस्थित श्रद्धालुओं को रक्षा सूत्र बांधा।

महोत्सव का प्रमुख आकर्षण बाबा श्याम का भव्य दरबार, छप्पन भोग, अखंड ज्योत और श्याम रसोई का प्रसाद रहा। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति रही और वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में राजेश पसारी, सुधीर अग्रवाल, आशीष अग्रवाल, विमल गुप्ता, अनीता, आशा, सोनी, खुशबू, बिंदू, विनिता, ममता और राशिका सहित अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Related Post