जमशेदपुर। मानगो नगर निगम की राजनीति में मंगलवार को उस समय नया मोड़ आ गया, जब मेयर सुधा गुप्ता के हालिया बयान के विरोध में उप महापौर राहुल कुमार कश्यप और कई पार्षदों ने संयुक्त प्रेस वार्ता कर अपनी नाराजगी सार्वजनिक की। प्रेस वार्ता में पार्षदों ने कहा कि मेयर का यह कहना कि वह जनता द्वारा चुनी गई हैं और पार्षदों के लिए काम करने नहीं आई हैं, लोकतांत्रिक व्यवस्था और निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की गरिमा के अनुरूप नहीं है।
पार्षदों ने कहा कि वे भी जनता के सीधे वोट से चुने गए प्रतिनिधि हैं और नागरिकों की समस्याओं को नगर निगम प्रशासन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि पार्षद जनता और प्रशासन के बीच एक मजबूत कड़ी हैं, इसलिए उनकी उपेक्षा करना जनता की भावनाओं की उपेक्षा करने जैसा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका किसी प्रकार का व्यक्तिगत विवाद मेयर सुधा गुप्ता से नहीं है, बल्कि वे केवल अपने सम्मान और निर्वाचित प्रतिनिधियों के अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट हुए हैं।
प्रेस वार्ता में मौजूद पार्षदों ने दावा किया कि फिलहाल 22 पार्षद इस मुद्दे पर एक साथ खड़े हैं और आने वाले दिनों में अन्य पार्षद भी उनके समर्थन में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि नगर निगम में सभी जनप्रतिनिधियों को समान सम्मान और सहभागिता मिलनी चाहिए, तभी जनता के कार्य बेहतर ढंग से पूरे हो सकेंगे।
इस अवसर पर उप महापौर राहुल कुमार कश्यप ने मानगो नगर निगम क्षेत्र में नागरिकों और प्रशासन के बीच संवाद को मजबूत करने के उद्देश्य से जनसंपर्क एवं जनसुविधा प्रतिनिधियों के मनोनयन की घोषणा भी की। उन्होंने बताया कि सनी मिर्जा, वसीम अहमद, सुरेश मजूमदार और विजय सोई को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। ये प्रतिनिधि नागरिकों से प्राप्त शिकायतों, सुझावों और जनहित से जुड़े मामलों को संबंधित विभागों तक पहुंचाने, समन्वय स्थापित करने तथा उनके समयबद्ध समाधान में सहयोग करेंगे।
राहुल कुमार कश्यप ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य नगर निगम प्रशासन और आम नागरिकों के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना, जनसहभागिता को बढ़ावा देना तथा जनहित से जुड़े कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना है।

