Breaking
Sat. Sep 5th, 2026

वार्ड 21 में ट्रांसफार्मर की सुरक्षा और कचरा पेटी की व्यवस्था की मांग, देवी शंकर दत्ता ने उठाए सवाल

चाईबासा: सामाजिक कार्यकर्ता एवं पूर्व प्रत्याशी देवी शंकर दत्ता उर्फ काबू दत्ता ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर चाईबासा नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 21 की समस्याओं को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि वार्ड में लगा बड़ा विद्युत ट्रांसफार्मर बिना घेराबंदी के खुले में है, जिससे कभी भी दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है।

देवी शंकर दत्ता ने कहा कि ट्रांसफार्मर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण लोग उसके पास कचरा फेंक देते हैं। इससे न केवल गंदगी फैल रही है, बल्कि किसी भी समय कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में इस तरह की लापरवाही और भी खतरनाक साबित हो सकती है।

उन्होंने यह भी बताया कि वार्ड में कचरा पेटी की व्यवस्था नहीं होने से स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मजबूरी में लोग खुले स्थानों पर कचरा फेंक रहे हैं, जिससे आसपास का वातावरण भी प्रभावित हो रहा है।

देवी शंकर दत्ता का कहना है कि इस संबंध में कई बार नगर परिषद और संबंधित विभाग के अधिकारियों को जानकारी दी गई, लेकिन अब तक समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि भविष्य में किसी प्रकार की दुर्घटना होती है, तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा।

उन्होंने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि ट्रांसफार्मर के चारों ओर जल्द से जल्द सुरक्षा घेराबंदी कराई जाए तथा वार्ड में पर्याप्त संख्या में कचरा पेटियां उपलब्ध कराई जाएं, ताकि स्थानीय लोगों को राहत मिल सके और संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके। स्थानीय लोगों ने भी इन समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की है।

Related Post