जगन्नाथपुर: आगामी 9 अगस्त को मनाए जाने वाले अंतर्राष्ट्रीय आदिवासी दिवस की तैयारियों को लेकर रविवार को जगन्नाथपुर प्रखंड के ग्राम जिंतुगाड़ा, टोला दुरलीपी में कांग्रेस पार्टी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जगन्नाथपुर विधायक सह उप मुख्य सचेतक (सत्तारूढ़ दल) सोनाराम सिंकु मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता जगन्नाथपुर प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष ललित कुमार दोराईबुरु ने की।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक सोनाराम सिंकु ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय आदिवासी दिवस के अवसर पर ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले सभी लोगों का सम्मानपूर्वक स्वागत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुसार समिति के सभी सदस्य अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी गंभीरता से करें।
उन्होंने बताया कि 9 अगस्त को आयोजित होने वाले कार्यक्रम में क्षेत्र के सभी मानकी-मुंडा, दिऊरी, डाकुआ, मुखिया, पंचायत प्रतिनिधियों तथा समाज के प्रति समर्पित विशेष व्यक्तियों को आमंत्रित किया जाएगा। इसके लिए पंचायत अध्यक्षों एवं वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, ताकि कार्यक्रम का सफल आयोजन सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों, आमंत्रण, स्वागत व्यवस्था और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।
बैठक में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे और सभी ने अंतर्राष्ट्रीय आदिवासी दिवस कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया।

