जमशेदपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र के डोबो में गुरुवार देर रात सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल दो युवकों की जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतकों की पहचान धतकीडीह मुखी बस्ती निवासी सुभाष कर्मकार (20) और कपाली के झोपड़ी बस्ती निवासी लाया मुखी (19) के रूप में हुई है। दोनों की मौत की सूचना मिलते ही उनके परिवारों में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात दोनों युवक मोटरसाइकिल से डोबो की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पांडे ढाबा के समीप उनकी बाइक की सामने से आ रही सफेद रंग की कार (जेएच 02बीएन-3464) से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
दुर्घटना की सूचना मिलने पर कपाली ओपी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। दोनों की हालत गंभीर देखते हुए एएसआई मुन्ना राय ने एंबुलेंस का इंतजार नहीं किया और पुलिस के पीसीआर पेट्रोलिंग वाहन से दोनों घायलों को तत्काल जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने दोनों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कार को जब्त कर लिया है। हादसा तेज रफ्तार, लापरवाही या किसी अन्य कारण से हुआ, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार अनुसंधान पूरा होने के बाद ही दुर्घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। दोनों युवकों की कम उम्र में हुई मौत से डोबो और आसपास के इलाकों में शोक का माहौल है।

