जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया थाना क्षेत्र के एक गांव में झाड़-फूंक के नाम पर नाबालिग लड़की के साथ कथित तौर पर अश्लील हरकत करने के आरोप में पुलिस ने एक ओझा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट तथा विचक्राफ्ट प्रोफेशनल एक्ट, 2001 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता के परिजनों ने चाकुलिया थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि बैकुंठपुर गांव निवासी रॉयल हेम्ब्रम झाड़-फूंक के दौरान लड़की का शरीर से कथित विष निकालने का दावा करते हुए उसे निर्वस्त्र कर अनुचित हरकत कर रहा था। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने इसकी शिकायत पुलिस से की।
थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि शिकायत की जांच के बाद आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर शनिवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
उन्होंने बताया कि छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के घर से झाड़-फूंक में इस्तेमाल होने वाली माला, बेंत, मादुली, सिंदूर तथा अन्य सामग्री भी बरामद कर जब्त कर ली है। मामले की आगे की जांच जारी है।

