Breaking
Sat. Jul 25th, 2026

27 जुलाई का धरना मानगो नगर निगम को चेतावनी, मनमानी बर्दाश्त नहीं होगी : सरयू राय

जमशेदपुर। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने कहा कि मानगो नगर निगम में नियमों की अनदेखी और मनमाने ढंग से काम किया जा रहा है, जिसके विरोध में 27 जुलाई को गांधी मैदान स्थित मानगो नगर निगम कार्यालय के सामने सुबह 10 बजे से धरना दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह धरना केवल विरोध नहीं, बल्कि नगर निगम प्रशासन के लिए स्पष्ट चेतावनी है कि जनहित की अनदेखी और अनियमितताओं को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

बिष्टुपुर स्थित अपने आवास पर आयोजित बैठक में सरयू राय ने आरोप लगाया कि नगर निगम में वरिष्ठ अधिकारी को उनके जूनियर के अधीन कार्य कराया जा रहा है, जो प्रशासनिक व्यवस्था के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि 10 वर्ष पहले बने डिमना रोड के नालों की सफाई को 20 वर्षों से लंबित बताकर जनता को भ्रमित किया जा रहा है। उनका दावा था कि नालों की सफाई केवल 10 प्रतिशत हुई, जबकि पूरा भुगतान कर दिया गया।

उन्होंने कहा कि नगर निगम के कार्यों को जनसुविधा और विकास के दो हिस्सों में बांटकर पारदर्शिता से संचालित किया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग योजनाओं और ठेकेदारी पर नियंत्रण स्थापित करना चाहते हैं, जबकि सभी कार्य नियमानुसार और ऑनलाइन टेंडर प्रक्रिया से होने चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि कोई गड़बड़ी हुई तो विधानसभा में भी मामला उठाया जाएगा।

जदयू के अनुसार मानगो क्षेत्र की करोड़ों रुपये की कई विकास योजनाएं, जल निकासी, पेयजल, सड़क, नाली और बाढ़ सुरक्षा से जुड़ी परियोजनाएं अब तक अधूरी हैं। बैठक में सुबोध श्रीवास्तव, नीरज सिंह, अजय कुमार, पप्पू सिंह, अमृता मिश्रा, कुलविंदर सिंह पन्नू, संजय ठाकुर, तारक मुखर्जी, चुन्नू भूमिज, मुश्ताक अहमद, विनोद सिंह, दिनेश सिंह, मनोज सिंह, मृत्युंजय शर्मा, उषा यादव, संजीव सिंह, अशोक सिंह, लालू गौड़, प्रवीण सिंह, विकास साहनी, पिंटू सिंह, टुनटुन सिंह, आफताब अहमद सिद्दिकी, दीपक गौड़, अर्जुन यादव, विनय सिंह, आकाश शाह, प्रेम सक्सेना, ममता सिंह, शिरीन अख्तर, वीरू सिंह, भवानी सिंह, सुशीला सिंह, पुतुल सिंह, दुर्गा राव, बबलू कुमार, संजय सिंह समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Related Post