चाईबासा: समाजसेवा की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए महावीर मंडल, चाईबासा ने शनिवार को निमडीह मध्य विद्यालय में विद्यार्थियों के बीच शैक्षणिक सामग्री और चॉकलेट का वितरण किया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना और उनके चेहरे पर मुस्कान लाना था।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के बच्चों को कॉपी, पेन, पेंसिल सहित अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराई गई। साथ ही बच्चों के बीच चॉकलेट भी बांटी गई। सामग्री पाकर बच्चों में खुशी का माहौल देखने को मिला। विद्यालय परिवार ने भी महावीर मंडल की इस पहल की सराहना की।
इस अवसर पर महावीर मंडल के अध्यक्ष विशाल साव, महामंत्री बिट्टू यादव, पंकज यादव एवं अमर सिंह उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों ने बच्चों से बातचीत की और उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अपने जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
महावीर मंडल के अध्यक्ष विशाल साव ने कहा कि शिक्षा ही किसी भी बच्चे के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव होती है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति और संस्था को जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में अपनी भागीदारी निभानी चाहिए। यदि बच्चों को सही मार्गदर्शन और आवश्यक संसाधन समय पर मिल जाएं तो वे आगे चलकर समाज और देश का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि महावीर मंडल आगे भी शिक्षा, सेवा और सामाजिक कार्यों से जुड़े ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित करता रहेगा, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद बच्चों तक सहायता पहुंच सके।
महामंत्री बिट्टू यादव, पंकज यादव और अमर सिंह ने भी बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए नियमित रूप से विद्यालय आने, अनुशासन का पालन करने और मेहनत के साथ पढ़ाई करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने भी इस पहल के लिए महावीर मंडल के प्रति आभार व्यक्त किया। विद्यालय के शिक्षकों ने कहा कि इस तरह के सामाजिक प्रयास बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देते हैं।
महावीर मंडल की इस पहल को स्थानीय लोगों ने भी सराहनीय बताते हुए कहा कि छोटे-छोटे सामाजिक प्रयास ही समाज में सकारात्मक बदलाव की मजबूत नींव रखते हैं।

