Breaking
Thu. Sep 3rd, 2026

कांड्रा में पिंड्राबेड़ा मोड़ पर ऑटो दुर्घटनाग्रस्त, कई यात्री घायल, चालक मौके से फरार

कांड्रा। सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत पिंड्राबेड़ा मोड़ पर शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यात्रियों से भरा एक ऑटो (संख्या JH 05DM 6241) एक पिकअप वैन से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना में ऑटो में सवार कई यात्री घायल हो गए, जबकि एक महिला को गंभीर चोटें आने के कारण तत्काल अस्पताल भेजना पड़ा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के तुरंत बाद ऑटो चालक घायल यात्रियों को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे तथा राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने एम्बुलेंस बुलाकर गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा, जबकि अन्य घायलों को भी प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया।

घटना के संबंध में यह भी बताया जा रहा है कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही एक अन्य ऑटो चालक दुर्घटनाग्रस्त वाहन को घटनास्थल से हटाकर ले गया। बाद में कांड्रा थाना पुलिस ने ऑटो को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है। साथ ही हादसे के बाद फरार हुए ऑटो चालक की तलाश भी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Post