Breaking
Thu. Sep 3rd, 2026

श्रावणी मेला के दौरान महादेवशाल स्टेशन पर दो एक्सप्रेस ट्रेनों का होगा अस्थायी ठहराव

चक्रधरपुर। श्रावणी मेला के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल ने महादेवशाल (एमएक्सडब्ल्यू) रेलवे स्टेशन पर दो एक्सप्रेस ट्रेनों के अस्थायी ठहराव को मंजूरी दी है। यह व्यवस्था 30 जुलाई 2026 से 28 अगस्त 2026 तक प्रभावी रहेगी। प्रत्येक ट्रेन का महादेवशाल स्टेशन पर दो मिनट का ठहराव निर्धारित किया गया है।

रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार, ट्रेन संख्या 18029 लोकमान्य तिलक टर्मिनस–शालीमार एक्सप्रेस महादेवशाल स्टेशन पर प्रातः 4:29 बजे पहुंचेगी और 4:31 बजे प्रस्थान करेगी। इस ट्रेन का अस्थायी ठहराव 28 जुलाई 2026 से 26 अगस्त 2026 तक रहेगा।

इसी प्रकार ट्रेन संख्या 18030 शालीमार–लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस महादेवशाल स्टेशन पर रात्रि 9:36 बजे पहुंचेगी और 9:38 बजे प्रस्थान करेगी। इस ट्रेन का अस्थायी ठहराव 30 जुलाई 2026 से 28 अगस्त 2026 तक रहेगा।

दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल के जनसंपर्क अधिकारी सह वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक द्वारा जारी जानकारी में बताया गया है कि श्रावणी मेला के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु महादेवशाल मंदिर पहुंचते हैं। यात्रियों की सुविधा और आवागमन को सुगम बनाने के उद्देश्य से इन दोनों एक्सप्रेस ट्रेनों का दो-दो मिनट का अस्थायी ठहराव स्वीकृत किया गया है। रेलवे ने श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान निर्धारित समय का पालन करने और सुरक्षित यात्रा करने की अपील की है।

Related Post