Breaking
Fri. Jul 24th, 2026

प्रोजेक्ट जागृति के तहत जिलेभर में रक्तदान शिविर, 500 से अधिक यूनिट रक्त संग्रहित

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन की ओर से संचालित “प्रोजेक्ट जागृति–बेहतर स्वास्थ्य की ओर एक कदम” के तहत शुक्रवार को जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में वृहद रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविरों में सरकारी पदाधिकारियों, कर्मचारियों, अभियंताओं, शिक्षकों, जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) के डीलरों, मत्स्य मित्रों, विभिन्न व्यावसायिक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। जिलेभर में आयोजित इन शिविरों के माध्यम से 500 से अधिक यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।

रक्तदान शिविर का आयोजन सदर अस्पताल चाईबासा, अनुमंडल अस्पताल चक्रधरपुर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोईलकेरा, झींकपानी और तांतनगर तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कराईकेला में किया गया। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार संग्रहित रक्त जिले के ब्लड बैंक को मजबूत करने के साथ-साथ आपातकालीन परिस्थितियों, सड़क दुर्घटना के घायलों, प्रसूता महिलाओं, थैलेसीमिया तथा अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों के उपचार में उपयोगी साबित होगा।

इस अवसर पर उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि किसी भी स्वास्थ्य व्यवस्था की मजबूती केवल अस्पतालों और संसाधनों से नहीं, बल्कि समाज की सक्रिय भागीदारी से सुनिश्चित होती है। उन्होंने कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान मानवता की सेवा का ऐसा माध्यम है, जिससे किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन मिल सकता है। उन्होंने कहा कि प्रोजेक्ट जागृति के माध्यम से जिला प्रशासन स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को भी मजबूत करने का प्रयास कर रहा है।

उपायुक्त ने कहा कि सरकारी कर्मियों, शिक्षकों, पीडीएस डीलरों, मत्स्य मित्रों, व्यावसायिक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और आम नागरिकों ने जिस उत्साह के साथ रक्तदान किया है, वह जिले में सेवा और जनकल्याण की भावना को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि जिले में सुरक्षित रक्त की पर्याप्त उपलब्धता हर समय बनी रहे, ताकि किसी भी मरीज का उपचार रक्त की कमी के कारण प्रभावित न हो।

उन्होंने सभी स्वैच्छिक रक्तदाताओं, सामाजिक संगठनों, विभिन्न विभागों और स्वास्थ्यकर्मियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी इस तरह के जनहितकारी रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि नियमित अंतराल पर रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जाएगा और अधिक से अधिक लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से व्यापक जनजागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।

Related Post