Breaking
Thu. Jul 23rd, 2026

छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में झामुमो ने फूंका केंद्र सरकार का पुतला

चाईबासा: दिल्ली के जंतर-मंतर पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, नीट (NEET)-2026 एवं सीबीएसई की मार्किंग व्यवस्था में कथित गड़बड़ियों और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में गुरुवार को जिला झामुमो के बैनर तले पोस्ट ऑफिस चौक, चाईबासा में केंद्र सरकार का पुतला दहन किया गया।

इस दौरान झामुमो नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए छात्रों पर की गई कथित कार्रवाई की निंदा की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लोकतंत्र में अपनी मांगों को शांतिपूर्वक उठाना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है और छात्रों की आवाज को बल प्रयोग से दबाने का प्रयास उचित नहीं है।

जिला झामुमो अध्यक्ष सोनाराम देवगम ने कहा कि देश के छात्र-छात्राएं अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, निष्पक्ष मूल्यांकन और शिक्षा व्यवस्था में सुधार समय की आवश्यकता है। यदि छात्र अपनी मांगों को लोकतांत्रिक तरीके से रखते हैं तो उनकी बात सुनी जानी चाहिए, न कि उन पर लाठीचार्ज कर आंदोलन को दबाने का प्रयास किया जाए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को छात्रों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर करना चाहिए और शिक्षा व्यवस्था में विश्वास बहाल करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।

झामुमो नेताओं ने केंद्र सरकार से मांग की कि छात्र-छात्राओं की समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए, परीक्षा व्यवस्था में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए तथा आंदोलनरत छात्रों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए।

पुतला दहन कार्यक्रम में जिला झामुमो अध्यक्ष सोनाराम देवगम, जिला सचिव राहुल आदित्य, जिला प्रवक्ता बुधराम लागुरी, बिश्वनाथ बाड़ा, मन्नाराम कुदादा सहित बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे।

Related Post