Breaking
Thu. Jul 23rd, 2026

लगातार बारिश और घने कोहरे से सारंडा में जनजीवन प्रभावित, किसानों में अच्छी फसल की उम्मीद

गुवा: गुवा, किरीबुरू, मेघाहातुबुरु समेत सारंडा के विभिन्न क्षेत्रों में पिछले एक सप्ताह से रुक-रुक कर हो रही लगातार बारिश और घने कोहरे के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया है। सुबह से लेकर देर शाम तक आसमान बादलों से ढका रहता है, जबकि घने कोहरे के कारण दृश्यता भी कम हो गई है। कई दिनों से लोगों को धूप देखने का मौका नहीं मिला है, जिससे लगातार नमी और ठंडक बनी हुई है।

लगातार हो रही बारिश किसानों के लिए राहत लेकर आई है। पर्याप्त पानी मिलने से सारंडा क्षेत्र के खेतों में गोड़ा धान और रोपा धान की रोपाई तेज गति से चल रही है। किसान पूरे उत्साह के साथ खेतों में काम कर रहे हैं। समय पर हुई बारिश से इस वर्ष अच्छी पैदावार की उम्मीद बढ़ गई है, जिससे किसानों में खुशी का माहौल है।

वहीं गुवा, किरीबुरू और मेघाहातुबुरु के शहरी क्षेत्रों में लगातार बारिश से लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। धूप नहीं निकलने के कारण कपड़े कई दिनों तक सूख नहीं पा रहे हैं। लोग पंखे, हीटर और अन्य विद्युत उपकरणों की मदद से कपड़े सुखाने को मजबूर हैं। लगातार नमी के कारण घरों में सीलन भी बढ़ने लगी है, जिससे दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।

बारिश के कारण किरीबुरू के मौसम में भी बदलाव देखने को मिल रहा है। यहां न्यूनतम तापमान करीब 23 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान लगभग 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा है। दिनभर चल रही ठंडी हवाएं और हल्की फुहारें लोगों को गर्मी से राहत दे रही हैं, लेकिन लगातार बारिश के कारण दैनिक कार्यों में भी बाधा उत्पन्न हो रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि अगले कुछ दिनों तक बारिश और घने कोहरे का सिलसिला जारी रहा तो जनजीवन पर इसका असर और बढ़ सकता है। हालांकि किसान उम्मीद जता रहे हैं कि मानसून की यह अनुकूल स्थिति इस वर्ष बेहतर धान उत्पादन में सहायक साबित होगी।

Related Post