Breaking
Sat. Oct 31st, 2026

छोटा बांकी डैम में नहाने के दौरान किशोर लापता, गोताखोरों की मदद से जारी है तलाश

जमशेदपुर: एमजीएम थाना क्षेत्र के छोटा बांकी डैम में रविवार शाम नहाने के दौरान 16 वर्षीय किशोर राहुल के डूब जाने की आशंका से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद से पुलिस, स्थानीय लोगों और गोताखोरों की टीम द्वारा उसकी लगातार तलाश की जा रही है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया था।

मिली जानकारी के अनुसार, जेम्को निवासी राहुल अपने दोस्तों के साथ छोटा बांकी डैम में नहाने गया था। सभी युवक पानी में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान राहुल गहरे हिस्से की ओर चला गया, जहां अचानक उसके पैर के नीचे से जमीन खिसक गई। संतुलन बिगड़ने के कारण वह गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूबकर लापता हो गया। उसके साथ मौजूद दोस्तों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक वह पानी में ओझल हो चुका था।

घटना की सूचना मिलते ही राहुल के परिजन बदहवास होकर डैम पहुंचे। वहीं सूचना मिलने पर एमजीएम थाना पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से खोज अभियान शुरू कराया। बाद में गोताखोरों की टीम को भी बुलाया गया, जो देर शाम तक डैम में राहुल की तलाश में जुटी रही। पुलिस का कहना है कि किशोर की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है और हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

Related Post