जमशेदपुर। बागबेड़ा थाना क्षेत्र स्थित रेलवे ट्रैफिक कॉलोनी के समीप रविवार को दिनदहाड़े एक रेलवे महिला कर्मी से चेन छीनने का प्रयास किया गया। वारदात उस समय हुई जब महिला कर्मचारी एम. भवानी ड्यूटी पूरी कर अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोककर गले से चेन झपटने की कोशिश की।
महिला ने जब साहस दिखाते हुए बदमाशों का विरोध किया तो दोनों आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें सड़क पर घसीटा, उनके कपड़े फाड़ दिए और चापड़ दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से भागने लगे।
महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और बदमाशों का पीछा किया। स्थानीय लोगों की सक्रियता के कारण एक आरोपी को दबोच लिया गया, जबकि उसका साथी भाग निकलने में सफल रहा। पकड़े गए आरोपी की पहचान गोलमुरी निवासी शिव कुमार मछुआ के रूप में हुई है। लोगों ने उसकी पिटाई करने के बाद उसे बागबेड़ा थाना पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही विश्व हिंदू परिषद से जुड़े कार्यकर्ता भी बागबेड़ा थाना पहुंच गए। बताया गया कि पीड़िता एम. भवानी संगठन से भी जुड़ी हुई हैं। जिला अध्यक्ष अजय गुप्ता के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने थाने के बाहर प्रदर्शन कर महिला के साथ हुई मारपीट और चेन लूट के प्रयास की कड़ी निंदा की। उन्होंने फरार आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी तथा दोनों आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
बागबेड़ा थाना पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

