कुडू/लोहरदगा: जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत लोहरदगा पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी के निर्देश पर कुडू थाना पुलिस ने चंदवा-लोहरदगा मुख्य मार्ग पर सघन वाहन जांच अभियान चलाकर 25 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद नशा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि चंदवा-लोहरदगा मार्ग से ब्राउन शुगर खरीद-बिक्री के उद्देश्य से ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्रद्धा केरकेट्टा के नेतृत्व में मानती पेट्रोल पंप के समीप विशेष वाहन जांच अभियान शुरू किया गया।
वाहन जांच के दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को रोककर उनकी तलाशी ली। तलाशी के क्रम में उनके पास से कुल 25 ग्राम ब्राउन शुगर स्टोन बरामद किया गया। बरामद सामग्री में मार्क-ए का वजन 17 ग्राम तथा मार्क-बी का वजन 8 ग्राम पाया गया। पुलिस के अनुसार, बरामद ब्राउन शुगर की बाजार कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अक्षत कुमार (21 वर्ष), पिता स्वर्गीय अजय प्रसाद तथा रोहित कुमार (24 वर्ष), पिता अरुण मिस्त्री, दोनों निवासी चंदवा, जिला लातेहार को गिरफ्तार कर लिया।
इस सफल अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्रद्धा केरकेट्टा, कुडू थाना प्रभारी अजीत कुमार, चांपी पुलिस पिकेट प्रभारी पुअनि सुजीत होरो, पुअनि जेनी सुधा तिग्गा तथा सशस्त्र बल के जवानों की सक्रिय भूमिका रही।
पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों के विरुद्ध कुडू थाना कांड संख्या 65/26 दर्ज करते हुए एनडीपीएस अधिनियम की धारा 17(बी), 21(बी), 22(बी) एवं 29 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें लोहरदगा जेल भेज दिया गया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
नशे के कारोबार पर लगातार प्रहार
लोहरदगा पुलिस द्वारा हाल के दिनों में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी के नेतृत्व में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार छापेमारी और वाहन जांच अभियान चलाकर नशा तस्करों पर शिकंजा कसा जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और कानून का उल्लंघन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

