जमशेदपुर: भगवान जगन्नाथ, माता सुभद्रा एवं भगवान बलराम की पावन रथ यात्रा के अवसर पर गुरुवार को भारतीय मानवाधिकार सहयोग संघ, जमशेदपुर की ओर से बिष्टुपुर में “सेवा ही परम धर्म है” के संकल्प के साथ निःशुल्क सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में रथ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं एवं भक्तों के बीच शीतल पेयजल, बिस्किट सहित अन्य खाद्य सामग्री का वितरण किया गया।
संगठन की महिला जिला अध्यक्ष चरनजीत कौर भाटिया, जिला अध्यक्ष गुरु चरण मोहंती, प्रदेश उपाध्यक्ष रजनी बंसल, सीमा मोहंती, रवि दास, भोला शंकर तथा टी. तिवारी सहित अन्य सदस्य सेवा कार्य में सक्रिय रूप से मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान स्वयंसेवकों ने श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखते हुए सेवा कार्य को व्यवस्थित ढंग से संचालित किया।
इस अवसर पर महिला जिला अध्यक्ष चरनजीत कौर भाटिया ने कहा कि सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और संगठन का उद्देश्य जाति-पाति से ऊपर उठकर सभी धर्मों का समान सम्मान करते हुए मानवता की सेवा करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों के माध्यम से समाज में भाईचारे, सौहार्द और सेवा की भावना को मजबूत करने का अवसर मिलता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी संगठन को इसी प्रकार के धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में सेवा करने का अवसर मिलता रहेगा।

