चाईबासा: चाईबासा के झींकपानी स्थित एसीसी सीमेंट प्लांट से जुड़े लंबे समय से चले आ रहे विवाद के समाधान की दिशा में राज्य सरकार ने पहल तेज कर दी है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर 18 जुलाई (शनिवार) को एसीसी क्लब ग्राउंड में महा-त्रिपक्षीय वार्ता आयोजित की जाएगी।
वार्ता की तैयारियों का जायजा लेने के लिए राज्य के मंत्री दीपक बिरुवा शुक्रवार को एसीसी गेस्ट हाउस पहुंचे। यहां उन्होंने स्थानीय मजदूरों, रैयतों और व्यापारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आगामी वार्ता की रूपरेखा पर चर्चा की। बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ हाल ही में हुई मजदूरों की मुलाकात के बाद हुए निर्णयों की भी जानकारी साझा की गई।
मंत्री दीपक बिरुवा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए समाधान निकालने के निर्देश दिए हैं। इसी के तहत सभी संबंधित पक्षों को एक मंच पर लाकर त्रिपक्षीय वार्ता आयोजित की जा रही है।
बैठक में बताया गया कि 18 जुलाई को होने वाली वार्ता में मंत्री, स्थानीय सांसद, उपायुक्त (DC), पुलिस अधीक्षक (SP), श्रम विभाग के अधिकारी, टोंटो और झींकपानी के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO), अंचल अधिकारी (CO), दोनों प्रखंडों के थाना प्रभारी, एसीसी प्रबंधन के प्रतिनिधि, प्रभावित गांवों के ग्रामीण, स्थानीय रैयत, मजदूर और व्यापारी शामिल होंगे।
क्षेत्र के ग्रामीणों, मजदूरों और व्यापारियों ने उम्मीद जताई है कि इस उच्चस्तरीय बैठक से एसीसी प्रबंधन के साथ लंबे समय से चले आ रहे विवादों का समाधान निकल सकेगा।
मंत्री दीपक बिरुवा ने सभी पक्षों को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के लिए गंभीर है और 18 जुलाई की वार्ता में सभी पक्षों के हितों को ध्यान में रखते हुए सकारात्मक निर्णय लेने का प्रयास किया जाएगा।

