सरायकेला: कपाली ओपी पुलिस ने गुरुवार रात गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मवेशियों से लदी एक बोलेरो वाहन को जब्त कर उसमें से तीन गाय बरामद की हैं। हालांकि पुलिस की कार्रवाई के दौरान वाहन चालक अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि बोलेरो वाहन संख्या OR09Q-3887 से अवैध रूप से मवेशियों का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस ने पुड़ीसिल्ली क्षेत्र में घेराबंदी कर वाहन को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर चालक वाहन को तेज गति से कपाली की ओर लेकर भाग निकला।
इसके बाद पुलिस ने बोलेरो का पीछा किया। पीछा किए जाने के दौरान चालक हासमी मोहल्ला पहुंचकर वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें तीन गाय मिलीं। इसके बाद मवेशियों को सुरक्षित कब्जे में लेकर बोलेरो को जब्त कर लिया गया।
कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि फरार चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसके खिलाफ विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बरामद मवेशियों को कहां से लाया जा रहा था और उनका गंतव्य क्या था। मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।

