Breaking
Tue. Jul 14th, 2026

चांडिल में रेलवे ट्रैक पर युवक का शव मिलने से सनसनी, मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया गया मृतक

चांडिल। सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र स्थित पुराने रेलवे फाटक संख्या-02 के समीप मंगलवार सुबह रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सुबह टहलने निकले स्थानीय लोगों ने रेल पटरी पर शव पड़ा देखा और तत्काल इसकी सूचना चांडिल थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

जांच के दौरान मृतक की पहचान चांडिल थाना क्षेत्र के साहेरबेड़ा गांव निवासी भुसु सिंह सरदार के रूप में हुई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे और शव की पहचान की।

मृतक के बड़े भाई जोपा सिंह सरदार ने बताया कि भुसु सिंह सरदार की मानसिक स्थिति पिछले कुछ समय से ठीक नहीं थी। सोमवार देर रात वह बिना किसी को बताए घर से निकल गया था। परिवार के लोग रात से ही उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन मंगलवार सुबह रेलवे ट्रैक पर उसका शव मिलने की सूचना ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया।

पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है, हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जा सकेगी।

Related Post