Breaking
Tue. Jul 14th, 2026

बच्चों के बीच सही अंतराल से ही बनेगा स्वस्थ और खुशहाल परिवार : उपायुक्त मनीष कुमार

चाईबासा। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से मंगलवार को सदर अस्पताल परिसर स्थित नर्सिंग कौशल कॉलेज में परिवार स्वास्थ्य मेला-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त मनीष कुमार ने की। इस दौरान उन्होंने परिवार नियोजन को स्वस्थ समाज की नींव बताते हुए कहा कि बच्चों के बीच उचित अंतराल बनाए रखने से न केवल मां और शिशु का स्वास्थ्य बेहतर रहता है, बल्कि परिवार आर्थिक और सामाजिक रूप से भी अधिक सशक्त बनता है।

उपायुक्त मनीष कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि “बच्चों में हो सही अंतराल, तभी हो परिवार का कल्याण” केवल एक नारा नहीं, बल्कि स्वस्थ समाज के निर्माण का आधार है। उन्होंने लोगों से परिवार नियोजन को अपनाने और स्वास्थ्य विभाग की उपलब्ध सुविधाओं का लाभ लेने की अपील की। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 के लिए देश की थीम “जब बच्चों में सही अंतराल, परिवार बने स्वस्थ और खुशहाल” निर्धारित की गई है। इसी के तहत जिले में 11 जुलाई से 10 अगस्त तक जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा चलाया जाएगा, जिसके दौरान जागरूकता अभियान, स्वास्थ्य शिविर, परामर्श सत्र और विभिन्न जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम के दौरान लगाए गए परिवार स्वास्थ्य मेले में लोगों को परिवार नियोजन के स्थायी एवं अस्थायी साधनों, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं तथा जनसंख्या स्थिरीकरण से जुड़े विषयों की विस्तृत जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने दंपतियों को बच्चों के बीच उचित अंतराल रखने के लाभ, छोटे परिवार की आवश्यकता तथा उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में परामर्श भी दिया।

इस अवसर पर सिविल सर्जन ने विश्व जनसंख्या दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बढ़ती जनसंख्या की चुनौतियों का समाधान जनजागरूकता और परिवार नियोजन को अपनाने से ही संभव है। उन्होंने लोगों से छोटे, स्वस्थ और खुशहाल परिवार की अवधारणा को जीवन में अपनाने का आग्रह किया।

कार्यक्रम के अंत में उपायुक्त मनीष कुमार ने फैमिली प्लानिंग एवं मिशन उदय 2.0 के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वास्थ्यकर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। समारोह में स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी, चिकित्सक, नर्सिंग कौशल कॉलेज के प्राचार्य, छात्र-छात्राएं, एएनएम एवं बड़ी संख्या में स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।

Related Post