- जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग ने रविवार को सख्त अभियान चलाया। सहायक आयुक्त उत्पाद अरुण कुमार मिश्रा के निर्देश पर विभाग की टीम ने बिरसानगर थाना क्षेत्र के हुरलूंग इलाके में छापेमारी कर अवैध चुलाई शराब बनाने वाली भट्ठी को ध्वस्त कर दिया। अभियान के दौरान कई संदिग्ध ठिकानों की भी तलाशी ली गई।
छापेमारी के दौरान टीम ने करीब 20 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की। इसके अलावा शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाले लगभग 6000 किलोग्राम किण्वित जावा-महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, ताकि उसका दोबारा उपयोग नहीं किया जा सके। उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से की गई है।
विभाग ने बताया कि अवैध शराब की भट्ठी संचालित करने वालों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है। आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ आगे भी लगातार विशेष अभियान जारी रहेगा। विभाग ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि कहीं भी अवैध शराब का निर्माण, भंडारण या बिक्री की सूचना मिले तो उसकी जानकारी तत्काल उत्पाद विभाग अथवा स्थानीय प्रशासन को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई कर इस अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

