बोकारो: चास थाना क्षेत्र के तेलीडीह मोड़ स्थित प्रुडेन्स हॉस्पिटल में उपचार के दौरान एक महिला की मौत के बाद शनिवार को जमकर हंगामा हुआ। मृतका के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर चिकित्सीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल के मुख्य द्वार पर शव रखकर प्रदर्शन किया और दोषी डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गए।
मृतका की पहचान चंदनकियारी निवासी रूम्पा देवी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार वह करीब ढाई माह की गर्भवती थीं। गर्भ समापन (एबॉर्शन) और उपचार के लिए उन्हें 27 जून को प्रुडेन्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान हुई गंभीर चिकित्सीय लापरवाही के कारण उन्हें अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। हालत बिगड़ने पर अस्पताल प्रबंधन ने उन्हें दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया, जहां दोबारा ऑपरेशन किया गया। इसके बावजूद शुक्रवार रात करीब 10 बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिजनों का कहना है कि दूसरे अस्पताल के चिकित्सकों ने पहले ऑपरेशन में गंभीर त्रुटि की जानकारी दी, जिसके बाद उन्होंने प्रुडेन्स हॉस्पिटल के डॉक्टरों और प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका यह भी आरोप है कि घटना के बाद अस्पताल का मुख्य गेट बंद कर दिया गया और संबंधित चिकित्सक अस्पताल छोड़कर चले गए।
घटना की सूचना मिलने पर एसडीओ, एएसपी चास, सिविल सर्जन, चास थाना पुलिस तथा अस्पताल प्रबंधन के प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। प्रशासन की मौजूदगी में परिजनों और अस्पताल प्रबंधन के बीच मुआवजे एवं आगे की कार्रवाई को लेकर वार्ता जारी है।
फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। अस्पताल प्रबंधन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

