Breaking
Fri. Jul 24th, 2026

जमशेदपुर बंद पर कांग्रेस का सवाल, कहा- जनता को बंद नहीं न्याय और समाधान चाहिए

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रस्तावित बंद को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर अप्रत्यक्ष निशाना साधते हुए कहा है कि दुखद घटना की आड़ में राजनीति नहीं होनी चाहिए। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष परविंदर सिंह ने गुरुवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि पिछले तीन दिनों से जिले की आम जनता लगातार परेशान है। व्यापार, शिक्षा, आवागमन और दैनिक जीवन प्रभावित हुआ है, जबकि प्रशासन भी स्थिति को सामान्य बनाने में लगातार प्रयासरत है। ऐसे में बंद का आह्वान किस उद्देश्य से किया जा रहा है, यह समझ से परे है।

परविंदर सिंह ने कहा कि जब पीड़ित परिवार प्रशासन की पहल पर सहमति जता चुका है, आवश्यक दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कर चुका है और एक घायल व्यक्ति अभी भी अस्पताल में उपचाराधीन है, तब आम नागरिकों को लगातार परेशानी में डालना कहीं न कहीं राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास प्रतीत होता है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का स्पष्ट मानना है कि किसी भी दुखद घटना पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। न्याय की मांग हर नागरिक का अधिकार है, लेकिन न्याय के नाम पर जनजीवन बाधित करना, आम लोगों को कठिनाई में डालना और सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करना उचित नहीं है।

जिला कांग्रेस कमेटी ने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच सुनिश्चित करने तथा दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही सभी सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों से शांति, भाईचारे और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई है।

परविंदर सिंह ने कहा कि पूर्वी सिंहभूम की जनता को बंद नहीं बल्कि न्याय चाहिए, अशांति नहीं बल्कि शांति चाहिए और राजनीति नहीं बल्कि समस्या का समाधान चाहिए।

Related Post