जमशेदपुर। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने सफाई व्यवस्था और सफाईकर्मियों के वेतन भुगतान को लेकर झारखंड सरकार तथा संबंधित निकायों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। बुधवार को सोनारी के कुंज नगर क्षेत्र का निरीक्षण करने पहुंचे सरयू राय ने अपने प्रतिनिधि मुकुल मिश्रा के साथ सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और सफाईकर्मियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि जहां 50 सफाईकर्मियों की तैनाती होनी चाहिए, वहां केवल 32 कर्मचारी ही कार्यरत मिले। उन्होंने कहा कि निर्धारित संख्या से कम कर्मियों के कारण क्षेत्र की साफ-सफाई प्रभावित हो रही है। सफाईकर्मियों ने उन्हें बताया कि उन्हें सरकार द्वारा निर्धारित मानक के अनुरूप पूरा वेतन नहीं मिल रहा है और उनके वेतन से पीएफ तथा ईएसआई के नाम पर कितनी राशि काटी जाती है, इसकी भी जानकारी उन्हें नहीं दी जाती।
इस पर सरयू राय ने जेएनएसी के अधिकारियों से फोन पर बात कर पीएफ और ईएसआई कटौती का पूरा विवरण उपलब्ध कराने तथा सभी पात्र सफाईकर्मियों को ईएसआई योजना से जोड़ने का निर्देश देने की मांग की। उन्होंने कहा कि 1 अप्रैल 2026 की अधिसूचना के अनुसार अकुशल श्रमिकों को प्रतिदिन 491 रुपये का भुगतान होना चाहिए।
सरयू राय ने कहा कि वर्षों से सफाई व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। उन्होंने जेएनएसी से सफाईकर्मियों की संख्या और व्यवस्था पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। साथ ही बताया कि जल्द ही कदमा और मानगो का भी दौरा कर वहां सफाई व्यवस्था, कर्मियों की उपस्थिति और ठेका प्रणाली की समीक्षा करेंगे, ताकि शहर में बेहतर और जवाबदेह सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

