Breaking
Sun. Jun 28th, 2026

दिनदहाड़े महिला के गले से 17 ग्राम सोने की चेन झपटकर फरार हुए बाइक सवार बदमाश, इलाके में दहशत

जमशेदपुर। सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बिरसानगर जोन नंबर-10 स्थित आजाद पथ, बारीडीह बस्ती में रविवार की शाम दिनदहाड़े हुई चेन स्नैचिंग की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। टाटा मणिपाल मेडिकल कॉलेज के समीप करीब 5:30 बजे दो बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला के गले से लगभग 17 ग्राम वजनी सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवक लाल रंग की बिना नंबर प्लेट वाली आर-15 मोटरसाइकिल पर सवार होकर पहुंचे थे। घटना को अंजाम देने से पहले वे करीब 10 मिनट तक आसपास घूमकर इलाके की गतिविधियों पर नजर रखते रहे। इसके बाद दोनों एक किराना दुकान पर सामान खरीदने के बहाने पहुंचे। दुकान संचालिका गायत्री चंद्रा जैसे ही सामान निकालने में व्यस्त हुईं, तभी एक बदमाश ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली। वारदात इतनी तेजी से हुई कि महिला को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

चेन छीनने के बाद दोनों बदमाश तेज रफ्तार से बारीडीह गोलचक्कर की ओर भाग निकले। शोर सुनकर आसपास के लोग बाहर निकले और उनका पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन अपराधी आंखों से ओझल हो चुके थे। दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।

घटना की सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और अपराधियों की तलाश के लिए विभिन्न पहलुओं पर काम किया जा रहा है।

Related Post