Breaking
Thu. Oct 8th, 2026

*लोहरदगा में वज्रपात का कहर: दो महिलाओं की मौत, आठ लोग गंभीर रूप से झुलसे*

लोहरदगा,*। झारखंड के लोहरदगा जिले में शुक्रवार को हुई वज्रपात की अलग-अलग घटनाओं में दो महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि आठ लोग गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।

मृतकों की पहचान कुडू थाना क्षेत्र के सलगी कोलपारा निवासी घूरती उरांव (48) तथा बगडू थाना क्षेत्र के चरहू गांव निवासी असीदा खातून (40) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, असीदा खातून बकरियां चराने के लिए गांव के बाहरी इलाके में गई थीं, तभी अचानक वज्रपात की चपेट में आ गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं, घूरती उरांव खेत में बादाम की फसल लगा रही थीं, तभी उन पर बिजली गिर गई, जिससे उनकी भी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

इस हादसे में आठ अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज लोहरदगा सदर अस्पताल में जारी है। पुलिस ने दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि पिछले एक महीने में लोहरदगा जिले में वज्रपात से पांच लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें दो बच्चे भी शामिल हैं। मानसून के दौरान लगातार बढ़ रही वज्रपात की घटनाओं ने प्रशासन और आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, खेत और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की अपील की है।

Related Post