चाईबासा : दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने संयुक्त रूप से चाईबासा नगर क्षेत्र के विभिन्न पूजा पंडालों और विसर्जन घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा, बिजली, साफ-सफाई, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं की जानकारी ली गई।
अधिकारियों ने बांधपाड़ा पूजा पंडाल, जुबली तालाब, शिवा तालाब, अमला टोला, पिल्लई हॉल, रविंद्र भवन, गांधी टोला और सिद्धेश्वरी मंदिर पूजा पंडाल का जायजा लिया। उपायुक्त ने पूजा समितियों को पंडाल निर्माण में सुरक्षा मानकों का पालन करने, पर्याप्त प्रवेश और निकास द्वार रखने तथा आपात निकास मार्ग को बाधामुक्त रखने का निर्देश दिया।
उन्होंने प्रत्येक प्रमुख पंडाल में अग्निशमन यंत्र, बालू और पानी की व्यवस्था करने के साथ बिजली के खुले तार और असुरक्षित कनेक्शन को दुरुस्त कराने को कहा। पंडाल परिसर में प्रकाश, पेयजल, साफ-सफाई और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था रखने तथा बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांगों की सुविधा का ध्यान रखने का निर्देश दिया।
पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को लेकर पूजा समितियों को पर्याप्त स्वयंसेवक तैनात करने और जरूरत के अनुसार बैरिकेडिंग कराने को कहा। उन्होंने मुख्य और आपात मार्गों को बाधामुक्त रखने तथा वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
अधिकारियों ने जुबली तालाब और शिवा तालाब समेत विसर्जन स्थलों का भी निरीक्षण किया। घाटों पर प्रकाश, बैरिकेडिंग, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। गहरे पानी वाले स्थानों को चिह्नित कर आवश्यक सुरक्षा उपाय करने और विसर्जन के दौरान पर्याप्त पुलिस बल व स्वयंसेवकों की तैनाती का निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के दौरान सदर चाईबासा एसडीओ संजय कुमार, एसडीपीओ बहामन टुटी, गोपनीय प्रभारी कुमार हर्ष, नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश, उपाध्यक्ष विकास कुमार शर्मा, कार्यपालक पदाधिकारी संतोषनी मुर्मू, सदर थाना प्रभारी चंद्रशेखर, मुफ्फसिल थाना प्रभारी विनोद कुमार, केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के पदाधिकारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

