जमशेदपुर: आजादनगर थाना क्षेत्र के रोड नंबर-3 स्थित सिब्तैन मस्जिद के पास 1 जून को हुई फायरिंग की घटना में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपी मुबारक अंसारी को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 7.65 एमएम की पिस्तौल, एक जिंदा कारतूस तथा एक फायर किया हुआ खोखा बरामद किया गया।
शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि इस फायरिंग कांड में मुबारक अंसारी, मोहम्मद शफीक, तनवीर उर्फ इमरान उर्फ खेपा, महताब और तनवीर उर्फ समीर के खिलाफ आजादनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू करते हुए 13 जून को आरोपी तनवीर उर्फ इमरान उर्फ खेपा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।
मुख्य आरोपी समेत अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के विभिन्न जिलों में लगातार छापेमारी की। पुलिस के बढ़ते दबाव के बीच कपाली के रहमतनगर निवासी 24 वर्षीय मुबारक अंसारी ने 22 जून 2026 को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। इसके बाद उसे 48 घंटे की पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान उसने घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार के बारे में जानकारी दी, जिसके आधार पर पुलिस ने पिस्तौल, कारतूस और खोखा बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार मुबारक अंसारी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2024 में कपाली ओपी (चांडिल) थाना में मारपीट, घर में घुसकर हमला, महिला से जुड़े अपराध तथा आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज है।
इस कार्रवाई का नेतृत्व पटमदा के पुलिस उपाधीक्षक दयानंद कुमार ने किया। छापेमारी दल में आजादनगर थाना प्रभारी चंदन कुमार, मनीष कुमार रॉय, दीपक ठाकुर, दीपक कुमार रौशन, शैलेंद्र कुमार नायक तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस ने बताया कि मामले के अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का उद्भेदन कर लिया जाएगा।

