Breaking
Wed. Oct 7th, 2026

*लौजोड़ा काला में तीन लाख की लागत से बनेगा मंदिरनुमा पूजा पंडाल*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर प्रखंड अंतर्गत गोपीनाथपुर पंचायत के लौजोड़ा काला में श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति की ओर से दुर्गा पूजा की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस वर्ष करीब तीन लाख रुपये की लागत से मंदिरनुमा थीम पर भव्य पूजा पंडाल बनाया जा रहा है। पंडाल निर्माण में बंगाल से आए कारीगर कपड़ा, थर्माकोल और अन्य सामग्री का उपयोग कर रहे हैं।

समिति के संरक्षक रामलाल मुंडा ने बताया कि पूजा को लेकर ग्रामीणों में काफी उत्साह है। उन्होंने कहा कि समिति का उद्देश्य मां दुर्गा की आराधना के साथ स्थानीय कलाकारों को मंच देना और झारखंड की लोककला व संस्कृति को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि पूजा के दौरान आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों में नागपुरी, हो, मुंडा, उरांव और संताल समाज की लोक संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। इससे क्षेत्र के लोगों को मनोरंजन के साथ अपनी संस्कृति से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

पंडाल और आसपास के क्षेत्र में करीब एक लाख रुपये की लागत से आकर्षक विद्युत सज्जा की जाएगी। वहीं करीब 35 हजार रुपये की लागत से मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की जाएगी।

17 अक्तूबर को डांस प्रतियोगिता का आयोजन होगा। इच्छुक कलाकार 16 अक्तूबर तक पंजीकरण करा सकते हैं। प्रथम विजेता को 10 हजार, द्वितीय को 7,100, तृतीय को 5 हजार और चतुर्थ स्थान प्राप्त करने वाले को 3 हजार रुपये नकद पुरस्कार दिया जाएगा। सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार के रूप में कलाई घड़ी दी जाएगी।

18 अक्तूबर को बूगी-बूगी और चपोल-चपोल डांस कार्यक्रम होगा। 19 अक्तूबर को रांची से नागपुरी, हो, मुंडा, उरांव और संताल समाज के कलाकार प्रस्तुति देंगे। मुख्य आकर्षण किस्नु मुंडा एंड ग्रुप का कार्यक्रम होगा। नागपुरी महिला गायिकाएं और नृत्य दल भी प्रस्तुति देंगे।

समिति के अध्यक्ष हाथीराम मुंडा, सचिव अर्जुन मुंडा, उपाध्यक्ष हराधन मुंडा और कोषाध्यक्ष अनिल मुंडा ने बताया कि आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

Related Post