*चान्हो :* चान्हो थाना पुलिस ने बेजांग गांव स्थित एक कुएं से बरामद अज्ञात शव मामले का 24 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने इस जघन्य हत्याकांड के आरोपी 25 वर्षीय विकास लोहरा को गिरफ्तार कर गुरुवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की सरिया और उसका मोबाइल फोन भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।
*भाई के बयान पर दर्ज हुआ था मामला*
खलारी डीएसपी आर. एन. चौधरी ने प्रेस वार्ता में बताया कि गत 19 जून को चान्हो थाना क्षेत्र के बेजांग गांव में निर्माणाधीन एकलव्य विद्यालय के पीछे स्थित एक कुएं से पुलिस ने अज्ञात शव बरामद किया था। काफी प्रयास के बाद शव की शिनाख्त गुमला निवासी बालवीर खेवार के रूप में की गई। इसके बाद मृतक के भाई के फर्दबयान पर चान्हो थाने में हत्या का मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
*विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों से दबोचा*
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और मानवीय सूचना तंत्र के प्रभावी उपयोग से त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी विकास लोहरा को धर-दबोचा।
*महिला मजदूर को लेकर हुआ था विवाद*
पुलिस की कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी विकास ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने बताया कि एक महिला मजदूर को लेकर उसका बालवीर खेवार के साथ तीखा विवाद हुआ था। इसी प्रतिशोध में उसने लोहे की सरिया से मारकर बालवीर की हत्या कर दी। साक्ष्य छुपाने और पहचान मिटाने के उद्देश्य से उसने शव को पास के ही एक कुएं में फेंक दिया था।
*पुलिस टीम की कार्यशैली की सराहना*
इस हत्याकांड का त्वरित खुलासा खलारी डीएसपी आर. एन. चौधरी के नेतृत्व और चान्हो थाना प्रभारी टिंकू रजक की सक्रिय निगरानी में गठित टीम द्वारा किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा चुके हैं और जल्द ही अदालत में आरोप पत्र (चार्जशीट) दाखिल कर आरोपी को कड़ी सजा दिलाई जाएगी। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस त्वरित और पेशेवर कार्रवाई की सराहना की है।

