Breaking
Wed. Jul 15th, 2026

समाहरणालय मोड़ के पास दर्दनाक सड़क हादसा, महिला की मौत, देवर गंभीर रूप से घायल

सरायकेला: टाटा-चाईबासा मुख्य सड़क पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में 40 वर्षीय महिला की जान चली गई, जबकि उनके साथ स्कूटी पर सवार देवर गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा जिला समाहरणालय के समीप समाहरणालय मोड़ स्थित टीवीएस शोरूम के पास करीब साढ़े 11 बजे हुआ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा क्षेत्र के भालूरंगी गांव निवासी सुलेखा महतो अपने देवर रूपेश कुमार महतो के साथ किसी जरूरी काम से जमशेदपुर गई थीं। काम पूरा होने के बाद दोनों स्कूटी से वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे एक अज्ञात हाईवा ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सुलेखा महतो सड़क पर गिर गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रूपेश कुमार महतो गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद हाईवा चालक वाहन समेत घटनास्थल से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने मृतका के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फरार वाहन और चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। मामले की जांच जारी है।

Related Post