जमशेदपुर: प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की प्रथम मुख्य प्रशासिका एवं संगठन की प्रेरणास्रोत मातेश्वरी जगदंबा सरस्वती जी (मम्मा) का स्मृति दिवस बुधवार को ब्रह्माकुमारीज यूनिवर्सल पीस पैलेस, बिंदल मॉल, साकची (सुनाई), जमशेदपुर में श्रद्धा, सम्मान और सेवा भाव के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ब्रह्माकुमारीज परिवार के सदस्य, श्रद्धालु और गणमान्य लोग शामिल हुए।
समारोह में ब्रह्माकुमारीज की कोल्हान प्रमुख बीके अंजू दीदी, बीके रागिनी दीदी, बीके संजू दीदी, आदित्यपुर की बीके सुधा दीदी तथा बाराद्वारी की बीके सुधा दीदी समेत विभिन्न सेवा केंद्रों से आईं वरिष्ठ बहनों और भाई-बहनों ने भाग लिया। सभी ने मातेश्वरी जगदंबा सरस्वती जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके जीवन, त्याग तथा आध्यात्मिक योगदान को स्मरण किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीके अंजू दीदी ने कहा कि मातेश्वरी जगदंबा सरस्वती जी ने अपने तप, त्याग, अनुशासन और सेवाभाव के बल पर संगठन को नई दिशा और ऊंचाइयां प्रदान कीं। उन्होंने कहा कि मम्मा का संपूर्ण जीवन आत्मिक जागरूकता, सकारात्मक सोच और ईश्वरीय मूल्यों का जीवंत उदाहरण रहा है। आज भी उनका व्यक्तित्व और उनके आदर्श लाखों लोगों को आध्यात्मिक मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
स्मृति दिवस के अवसर पर समाज सेवा की भावना को आगे बढ़ाते हुए एक नि:शुल्क थायरॉइड जांच शिविर का भी आयोजन किया गया। यह स्वास्थ्य शिविर फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज, दुमका और एमजीएम मेडिकल कॉलेज, जमशेदपुर के सहयोग से आयोजित किया गया। शिविर का समन्वय डॉ. पीयूष रंजन ने किया। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने लोगों की थायरॉइड जांच करने के साथ-साथ उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श और जागरूकता भी प्रदान की। शिविर में लगभग 38 लोगों ने जांच कराकर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने मातेश्वरी जगदंबा सरस्वती जी के आदर्शों को अपने जीवन में उतारने तथा समाज में शांति, प्रेम, नैतिकता और आध्यात्मिक मूल्यों के प्रसार के लिए कार्य करने का संकल्प लिया। अंत में राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से विश्व शांति की कामना की गई और सभी प्रतिभागियों को प्रसाद स्वरूप दोपहर का भोजन वितरित किया गया।

