Breaking
Tue. Jun 23rd, 2026

पेपर लीक और बेरोजगारी से युवाओं का भविष्य अंधकारमय, केंद्र सरकार जवाब दे: राकेश तिवारी

चाईबासा: पेपर लीक, परीक्षाओं के रद्द होने, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी, बढ़ती बेरोजगारी और वर्तमान शिक्षा व परीक्षा व्यवस्था की विफलताओं को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। मंगलवार को पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय स्थित कांग्रेस भवन, चाईबासा में कांग्रेस की ओर से प्रेसवार्ता आयोजित की गई।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के महासचिव (संगठन) एवं सांसद के.सी. वेणुगोपाल के निर्देश तथा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रेसवार्ता का संयोजन कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय ने किया।

प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता राकेश तिवारी ने कहा कि लगातार पेपर लीक, परीक्षाओं के रद्द होने, नियुक्ति प्रक्रियाओं में विलंब और बढ़ती बेरोजगारी ने देश के करोड़ों युवाओं के सपनों को प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि छात्र अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर आगे बढ़ना चाहते हैं, लेकिन अव्यवस्थित और भ्रष्ट परीक्षा प्रणाली उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है।

राकेश तिवारी ने कहा कि नीट, यूजीसी-नेट सहित कई प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आई अनियमितताओं से साबित होता है कि केंद्र सरकार युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि एक ओर लाखों सरकारी पद खाली पड़े हैं, वहीं दूसरी ओर भर्ती प्रक्रियाएं वर्षों तक लंबित रहती हैं, जिससे युवाओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि रोजगार और शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों से ध्यान हटाया जा रहा है। कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि पार्टी युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर संघर्ष जारी रखेगी और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली, समय पर भर्ती प्रक्रिया तथा रोजगार के अवसरों की बहाली की मांग करती रहेगी।

उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए और सभी रिक्त पदों पर जल्द नियुक्ति की जाए। साथ ही उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिकता के आधार पर इस्तीफे की मांग की।

इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष रंजन बोयपाई, जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय, वरिष्ठ कांग्रेसी लाल बहादुर सिंह, युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष संदीप सन्नी देवगम और कार्यालय सचिव सुशील दास उपस्थित थे।

Related Post