जमशेदपुर। भालूबासा गोलचक्कर से सीतारामडेरा मार्ग तक चले अतिक्रमण हटाओ अभियान से प्रभावित छह दुकानदारों के पुनर्वास की प्रक्रिया अब तेज हो गई है। जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रभावित दुकानदारों को जल्द दुकान आवंटित करने की मांग उठाई है। सोमवार को वह सभी छह दुकानदारों को लेकर जमशेदपुर अक्षेस कार्यालय पहुंचीं, जहां आवश्यक दस्तावेज जमा कराए गए और पुनर्वास की प्रक्रिया पर चर्चा हुई।
बैठक में उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार ने आश्वासन दिया कि सभी पात्र दुकानदारों को शीघ्र दुकान आवंटित कर दिया जाएगा। इसके लिए स्पेशल ऑफिसर विश्वजीत महतो को समन्वय और निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। विधायक ने उपायुक्त सहित संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजकर भी मामले में त्वरित कार्रवाई का आग्रह किया है। पूर्णिमा साहू ने कहा कि विस्थापित दुकानदारों के रोजगार और आजीविका की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। वहीं दुकानदारों ने विधायक के प्रयासों की सराहना करते हुए जल्द पुनर्वास की उम्मीद जताई है।

