Breaking
Sun. Jun 21st, 2026

कुनाबेड़ा पुलिया के पास बस-बाइक की टक्कर, युवक गंभीर रूप से घायल, एंबुलेंस की देरी पर ग्रामीणों में नाराजगी

राजनगर: सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र स्थित कुनाबेड़ा पुलिया के समीप रविवार सुबह करीब नौ बजे एक भीषण सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना माँ रोहिणी बस और एक मोटरसाइकिल के बीच हुई, जिसमें बाइक चला रहे युवक को गंभीर चोटें आईं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान चांडिल अनुमंडल के कल्याणपुर गांव निवासी आशीष महतो के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आशीष महतो अपने परिवार के साथ हरिना मेला से लौट रहे थे। उनके साथ बाइक पर पत्नी और दो बच्चे भी सवार थे। इसी दौरान कुनाबेड़ा पुलिया के पास उनकी बाइक की बस से टक्कर हो गई।

हादसा इतना गंभीर था कि आशीष महतो का दाहिना पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। अधिक रक्तस्राव होने के कारण उनकी स्थिति चिंताजनक बनी रही। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना के बाद सबसे अधिक नाराजगी एंबुलेंस सेवा की देरी को लेकर देखने को मिली। ग्रामीणों का आरोप है कि दुर्घटना की सूचना दिए जाने के बावजूद करीब एक घंटे तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। इस दौरान घायल युवक दर्द से तड़पता रहा।

जेएलकेएम के प्रखंड अध्यक्ष संजय महतो भी घटनास्थल पर पहुंचे और एंबुलेंस की देरी पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं जैसी आपात स्थितियों में समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध नहीं होना स्वास्थ्य व्यवस्था की गंभीर खामी को दर्शाता है। उन्होंने संबंधित विभाग से इस मामले की जांच कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की।

बाद में स्थानीय लोगों के सहयोग से घायल आशीष महतो को राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। इधर, सूचना मिलने पर राजनगर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बस को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

Related Post