Breaking
Sun. Jun 21st, 2026

झाबरी गांव के पास शराब लदी वैन पलटी, लाखों रुपये की शराब नष्ट

चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र स्थित झाबरी गांव के समीप रविवार तड़के राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर शराब से भरी एक वैन दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गई। हादसे में वाहन चालक बाल-बाल बच गया, लेकिन वाहन में लदी अधिकांश शराब की बोतलें टूटकर बर्बाद हो गईं।

जानकारी के अनुसार, ओल्ड मॉन्क ब्रांड की शराब लेकर एक वैन धनबाद से जमशेदपुर के डिमना क्षेत्र की ओर जा रही थी। इसी दौरान झाबरी गांव के पास चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और वैन सड़क किनारे पलट गई। दुर्घटना के बाद वाहन में रखी शराब की बोतलें सड़क पर बिखर गईं और बड़ी संख्या में टूट गईं।

हादसे की खबर आसपास के गांवों में फैलते ही लोग मौके पर जुट गए। सड़क पर बिखरी शराब की बोतलों को लेकर ग्रामीणों के बीच होड़ मच गई और कई लोग बची हुई बोतलें अपने साथ ले गए। इस दौरान घटनास्थल पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

सूचना मिलने के बाद चौका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने घटनास्थल से बची हुई शराब को सुरक्षित कब्जे में लिया तथा क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटाने की कार्रवाई शुरू की। बाद में सुरक्षित बची शराब को वाहन चालक के सुपुर्द कर दिया गया।

चौका थाना प्रभारी गौरव कुमार ने बताया कि वैन में लगभग 4.62 लाख रुपये मूल्य की ओल्ड मॉन्क शराब लदी हुई थी। दुर्घटना में करीब 90 प्रतिशत शराब नष्ट हो गई, जबकि शेष बोतलों में से कुछ ग्रामीण अपने साथ ले गए। उन्होंने बताया कि पुलिस को घटना की सूचना देर से मिली, जिसके कारण मौके पर पहुंचने में विलंब हुआ। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Related Post