Breaking
Fri. Jun 19th, 2026

सालीगुटू में पुनर्वास योजना पर लगी रोक, ग्रामीणों ने प्रशासन के फैसले का किया स्वागत

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के खूंटपानी प्रखंड स्थित सालीगुटू गांव में प्रस्तावित पुनर्वास योजना को जिला प्रशासन द्वारा फिलहाल निरस्त किए जाने के बाद ग्रामीणों में खुशी और राहत का माहौल है। ग्रामीणों ने इस निर्णय को गांव की जमीन, आजीविका और भविष्य की सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए जिला प्रशासन एवं उपायुक्त के प्रति आभार जताया है।

जानकारी के अनुसार, सालीगुटू गांव की 3 एकड़ 84 डिसमिल भूमि पर पुनर्वास योजना लागू करने का प्रस्ताव सामने आया था। इस प्रस्ताव को लेकर ग्रामीणों ने चिंता व्यक्त की थी और अपने अधिकारों तथा गांव के हितों की रक्षा के लिए विरोध दर्ज कराया था। ग्रामीणों का कहना था कि बिना उनकी सहमति के किसी भी प्रकार की योजना लागू करना उनके हितों के खिलाफ होगा।

ग्रामीणों की मांग को देखते हुए शुक्रवार को गांव में ग्राम सभा आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। बैठक के दौरान लोगों ने खुलकर अपनी बातें रखीं और प्रस्तावित योजना के प्रति अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं। ग्राम सभा में ग्रामीणों की एकमत राय सामने आने के बाद प्रशासन ने मामले की गंभीरता को समझते हुए पुनर्वास योजना को आगे नहीं बढ़ाने का फैसला लिया।

इस पूरे मामले में खूंटपानी प्रखंड प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही। ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम सभा के आयोजन और उनकी आवाज को प्रशासन तक पहुंचाने में उन्होंने सक्रिय सहयोग किया। साथ ही विभिन्न माध्यमों से सामने आए तथ्यों और ग्रामीणों की भावनाओं को भी प्रशासन ने गंभीरता से लिया।

योजना निरस्त होने के बाद ग्रामीणों ने कहा कि उनकी एकजुटता और जागरूकता के कारण यह संभव हो सका है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी गांव से जुड़े किसी भी महत्वपूर्ण निर्णय में स्थानीय लोगों की राय को प्राथमिकता दी जाएगी।

Related Post