Breaking
Fri. Jun 19th, 2026

साकची बाजार में हवाई फायरिंग से मची दहशत, खोखा बरामद कर जांच में जुटी पुलिस

जमशेदपुर: शहर के सबसे व्यस्त व्यावसायिक इलाकों में शामिल साकची बाजार में शुक्रवार रात को हवाई फायरिंग की घटना से लोगों में दहशत फैल गई। घटना जुबली स्टॉल के समीप हुई, जहां अचानक गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद दुकानदारों और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दो युवक बाइक पर सवार होकर मौके पर पहुंचे थे। इनमें से एक युवक बाइक से उतरकर आगे बढ़ा और कथित तौर पर एक राउंड हवाई फायरिंग कर दी। गोली चलाने के बाद दोनों युवक मौके से फरार हो गए। घटना के समय बाजार में सामान्य दिनों की तरह काफी भीड़भाड़ थी और अधिकांश दुकानें खुली हुई थीं। अचानक हुई फायरिंग से लोग भयभीत हो गए और कुछ देर के लिए इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया तथा आसपास के कई दुकानदारों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की। जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद हुआ, जिसे जब्त कर लिया गया है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि फायरिंग करने वाले युवकों की पहचान की जा सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना को अंजाम देने वाला युवक गोलमुरी क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

फायरिंग की इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के पीछे क्या कारण था। फिलहाल पुलिस की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। आरोपी युवकों की तलाश जारी है और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।

Related Post