गुरु अर्जन देव जी के शहादत दिवस पर बाराद्वारी स्थित आशीर्वाद ओल्ड एज होम में बुजुर्गों के बीच फल एवं आवश्यक सामग्री वितरित करते हिंद एकता सामाजिक संस्था के सदस्य
जमशेदपुर: सिखों के पांचवें गुरु, गुरु अर्जन देव के शहादत दिवस पर हिंद एकता सामाजिक संस्था ने सेवा और मानवता का संदेश देते हुए बाराद्वारी स्थित आशीर्वाद ओल्ड एज होम में विशेष सेवा अभियान चलाया। इस दौरान संस्था के सदस्यों ने वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों के बीच फल एवं आवश्यक सामग्रियों का वितरण किया और उनके साथ समय बिताकर उनका हालचाल जाना।
संस्था के इस मानवीय प्रयास से वृद्धाश्रम के बुजुर्गों के चेहरों पर खुशी और संतोष झलक उठा। अपनों से दूर रह रहे कई बुजुर्गों ने संस्था के सदस्यों से अपने अनुभव साझा किए और उनके इस सेवा भाव की सराहना करते हुए आशीर्वाद दिया।
कार्यक्रम का नेतृत्व संस्था के अध्यक्ष सिमरन भाटिया ने किया। उन्होंने कहा कि गुरु अर्जन देव का जीवन सेवा, त्याग और मानवता के कल्याण की प्रेरणा देता है। शहादत दिवस पर जरूरतमंदों और बुजुर्गों की सेवा करना गुरु साहिब की शिक्षाओं को आत्मसात करने का एक छोटा-सा प्रयास है। उन्होंने कहा कि हिंद एकता सामाजिक संस्था भविष्य में भी इसी प्रकार के सामाजिक और जनसेवा से जुड़े कार्यों को निरंतर जारी रखेगी।
सेवा अभियान में सीतारामडेरा थाना प्रभारी आनंद मिश्रा, समाजसेवी सतबीर सिंह सोमू, चंचल भाटिया, सावन मुखी, नवनीत सिंह जॉनी, अरब सागर सहित संस्था के अन्य सदस्य सक्रिय रूप से शामिल रहे। सभी ने उत्साह के साथ सेवा कार्य में अपनी भागीदारी निभाई।
वृद्धाश्रम प्रबंधन ने संस्था के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में संवेदनशीलता, सामाजिक उत्तरदायित्व और बुजुर्गों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करते हैं। वहीं, वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों ने भी संस्था की पूरी टीम को शुभकामनाएं और आशीर्वाद प्रदान किया।

