Breaking
Thu. Jun 18th, 2026

भालूबासा चौक में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, कोर्ट के आदेश पर छह दुकानें ध्वस्त, कार्रवाई को लेकर उठे सवाल

जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र स्थित भालूबासा चौक पर गुरुवार को जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) और जुस्को की संयुक्त टीम ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाते हुए छह दुकानों को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई वर्ष 2024 में दायर एक याचिका पर न्यायालय द्वारा दिए गए आदेश के अनुपालन में की गई। जानकारी के अनुसार, भालूबासा गोलचक्कर निवासी अजय नाथ ने अपने घर के सामने सरकारी जमीन पर संचालित दुकानों को लेकर अदालत में याचिका दायर की थी। उन्होंने अवैध अतिक्रमण से होने वाली परेशानियों का उल्लेख किया था, जिसके बाद अदालत ने अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया था।

कार्रवाई के दौरान आशीष कुमार सोनकर, हरे कृष्णा पुथल, मनोज कुमार, संजय कुमार, शीतल और आरती की दुकानों को जेसीबी से हटाया गया। विरोध के बावजूद प्रशासन ने अभियान जारी रखा और कोर्ट के आदेश का हवाला दिया। प्रभावित दुकानदार संजय साव ने आरोप लगाया कि वह करीब 50 वर्षों से यहां व्यवसाय कर रहे हैं और जेएनएसी के उपनगर आयुक्त कृष्ण कुमार द्वारा उन्हें नोटिस भी दिया गया था। उनका कहना है कि चुनिंदा दुकानों को निशाना बनाकर कार्रवाई की गई है, जबकि आसपास कई अन्य दुकानें भी कथित रूप से सरकारी जमीन पर बनी हुई हैं।

स्थानीय लोगों ने भी कार्रवाई की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए पूरे क्षेत्र की जांच कराने और सभी दुकानदारों के भूमि दस्तावेजों की जांच की मांग की है। उल्लेखनीय है कि भालूबासा क्षेत्र पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और भाजपा विधायक पूर्णिमा साहू के राजनीतिक प्रभाव वाले क्षेत्र के रूप में भी जाना जाता है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।

Related Post