Breaking
Mon. Aug 3rd, 2026

भारतीय नाविकों की मौत पर स्वदेशी जागरण मंच का आक्रोश, अमेरिकी राजदूत को भेजा विरोध पत्र

दोषियों पर कार्रवाई, निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने की उठाई मांग

बोकारो। तीन भारतीय नाविकों की मौत को लेकर स्वदेशी जागरण मंच ने अमेरिका के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया है। मंच ने नई दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास के माध्यम से भारत में संयुक्त राज्य अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर को एक विस्तृत ज्ञापन भेजते हुए घटना की निष्पक्ष जांच, दोषियों की जवाबदेही तय करने और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग की है।

मंच की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि 8, 10 और 11 जून 2026 को अमेरिकी सशस्त्र बलों की कार्रवाई में तीन निहत्थे भारतीय नाविकों की मौत अत्यंत दुखद और चिंताजनक है। इस घटना ने देशभर के नागरिकों में आक्रोश और चिंता पैदा की है। मंच का आरोप है कि अमेरिकी प्रशासन की प्रतिक्रिया भी संवेदनहीन रही है, जिससे भारतीय जनमानस की भावनाएं और अधिक आहत हुई हैं।

स्वदेशी जागरण मंच ने अपने पत्र में कहा है कि अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में नागरिक जहाजों और नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सभी देशों की जिम्मेदारी है। संयुक्त राष्ट्र समुद्री कानून (यूएनसीएलओएस), जिनेवा कन्वेंशन, अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन (आईएमओ) के नियमों तथा अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार कानूनों के तहत नागरिक नाविकों को सुरक्षा प्राप्त है। ऐसे में किसी भी निहत्थे वाणिज्यिक जहाज या उसके चालक दल पर हमला अंतरराष्ट्रीय मानकों और मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन माना जाएगा।

मंच ने मांग की है कि पूरे मामले की पारदर्शी और समयबद्ध जांच कराई जाए, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो, पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। साथ ही कहा गया है कि भारत को आवश्यकता पड़ने पर इस मामले को संयुक्त राष्ट्र और अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन जैसे वैश्विक मंचों पर भी मजबूती से उठाना चाहिए, ताकि भारतीय नाविकों की सुरक्षा, सम्मान और न्याय सुनिश्चित हो सके.

Related Post